हरिद्वार , अप्रैल 27 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ''ऑपरेशन प्रहार'' के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने सोमवार को तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की अवैध स्मैक बरामद की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर द्वारा विशेष टीमों का गठन कर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने लिंक रोड, गांव-कस्बों के मार्गों और हाईवे पर लगातार निगरानी रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली।

पहले मामले में पुलिस ने सईद अहमद निवासी कटहेड़ा, मंगलौर को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 26.28 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की कीमत लगभग आठ लाख रुपये आंकी गई है।

दूसरे मामले में मुनीर निवासी महमूदपुर और सलमान निवासी पिरान कलियर को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से 6.52 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित