हरिद्वार, मार्च 20 -- उत्तराखंड में रमजान के पवित्र माह में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने शुक्रवार को एक जघन्य अपराध का सफल पर्दाफाश किया। मंगलौर निवासी महिला के डेढ़ वर्षीय बच्चे की हत्या के आरोपी फैजान को मुजेडा, मीरापुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया है।
महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी उसका सौतेला पति है और उसी ने बच्चे की हत्या की। शिकायत मिलने के तुरंत बाद एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। आरोपी लगातार ठिकाने बदलता रहा, जिसके कारण एसएसपी ने उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया।
पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी की। जिसके बाद 20 मार्च को आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने में सफलता हासिल की है । आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि फैजान और महिला के बीच प्रेम संबंध था। महिला के पूर्व पति की मृत्यु के बाद दोनों ने शादी की थी। छोटी-मोटी बातों और बच्चे की देखभाल को लेकर झगड़े के चलते 17 फरवरी को फैजान ने गुस्से में बच्चे को पहले थप्पड़ मारे और फिर छाती पर लात मारकर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद से आरोपी फरार हो गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित