बैतूल , मई 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की कोतवाली पुलिस ने सोने के मंगलसूत्र चोरी मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सोने के मंगलसूत्र, एक एप्पल मोबाइल और नकद राशि बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार आर्य वार्ड टिकारी निवासी नीलम खान ने 26 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर की अलमारी में रखे दो सोने के मंगलसूत्र चोरी हो गए हैं। उन्होंने अपने रिश्तेदार शाकिब पठान पर संदेह व्यक्त किया था, जिसका घर में अक्सर आना-जाना था।
जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी शाकिब पठान ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि घर की बिना ताले वाली अलमारी से मंगलसूत्र चोरी कर मोहल्ले की महिला अंजू उर्फ अजरा खान को बेचने के लिए दिए थे। अंजू ने दोनों मंगलसूत्र कोठी बाजार स्थित ज्वेलर्स संचालक धनराज सोनी को बेच दिए।
पुलिस जांच में पता चला कि मंगलसूत्र बेचने से मिली राशि में से शाकिब ने करीब 40 हजार रुपए का एप्पल मोबाइल खरीदा और पांच हजार रुपए अपने पास रखे। शेष राशि उसने खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल और नकद राशि जब्त कर ली।
वहीं ज्वेलर्स संचालक धनराज सोनी के पास से करीब नौ ग्राम वजनी दो सोने के मंगलसूत्र बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख 30 हजार रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में शाकिब पठान, धनराज सोनी और अंजू उर्फ अजरा खान शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित