मुरैना , अप्रैल 7 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र में एक झोंपड़ी में संचालित भ्रूण लिंग परीक्षण गिरोह का एक जागरूक ग्रामीण युवक की सूझबूझ से भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम हड़बांसी में नहर किनारे स्थित एक झोंपड़ी में संदिग्ध गतिविधियां देख एक युवक को शक हुआ। उसने गुप्त रूप से अंदर का वीडियो बनाया, जिसमें एक व्यक्ति महिलाओं की जांच करते हुए दिखाई दिया। इसके बाद युवक ने झोंपड़ी को बाहर से बंद कर साथियों को सूचना दी।

इस दौरान गिरोह को भनक लगने पर मुख्य आरोपी संजय पचौरी, उसके साथी और वहां मौजूद महिलाएं झोंपड़ी की छत के रास्ते फरार हो गए। मौके से एक वाहन भी भागता हुआ देखा गया, जिसका पीछा कर युवक ने चालक राकेश प्रजापति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी संजय पचौरी पूर्व में एक सीएम राइज स्कूल में चपरासी था और उसे पहले भी भ्रूण लिंग परीक्षण के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। जेल से छूटने के बाद वह पुनः इस अवैध गतिविधि में शामिल हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित