चंडीगढ़ , अप्रैल 21 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ पुलिस की एक टीम मंगलवार को दिल्ली स्थित लेखिकामधु किश्वर के आवास पर पहुंची और उन्हें जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया।
चंडीगढ़ पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई सेक्टर-26 थाने में इस मामले में दर्ज एक प्राथमिकी के संबंध में की गयी। सुश्री किश्वर के घर पहुंची टीम में इंस्पेक्टर इरम रिजवी और इंस्पेक्टर सरिता राय भी शामिल थीं।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि कुछ सोशल मीडिया यूजर ने एक वीडियो को गलत पहचान के साथ वायरल किया और उसमें अश्लील एवं भ्रामक शब्द जोड़े गये। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कृत्य का उद्देश्य एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचाना और समाज में भ्रम फैलाना था।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में जानबूझकर फर्जी और भ्रामक चीजें डाली गयीं, जिनमें अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि संबंधित लोगों को इन झूठी बातों की जानकारी थी, फिर भी उन्हें साझाकिया गया, ताकि सार्वजनिक शांति और सौहार्द प्रभावित हो।
मामले में वीडियो से जुड़े व्यक्तियों के बयान भी दर्ज किये गये हैं। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति एक ट्रैवल ब्लॉगर है और मूल वीडियो उसकी पत्नी के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया गया था।
चंडीगढ़ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 66C, 66D और 67 के तहत सुश्री किश्वर और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित