पटना , जून 29 -- नता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता डा. निहोरा प्रसाद यादव ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की ओर सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप का जवाब देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार पर राजनीति नहीं, कार्रवाई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की पहचान है।
श्री यादव ने आज कहा कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के आरोप पूरी तरह निराधार, मनगढ़ंत और राजनीतिक हताशा से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता भली-भांति जानती है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सत्ता संभालते ही वर्ष 2005 से 2025 तक भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाई। उन्होंने कहा कि सीबीआई की तर्ज पर बने विशेष निगरानी जांच ब्यूरो के माध्यम से रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार में संलिप्त सैकड़ों लोकसेवकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इस अभियान में किसी को भी उसके रसूख के आधार पर बख्शा नहीं गया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने हमेशा कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई की है।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि तेजस्वी यादव पर भ्रष्टाचार के मामलों में गंभीर आरोप लगने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के कारण ही नीतीश कुमार ने पूर्व में आरजेडी गठबंधन से अलग होने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। यह निर्णय स्पष्ट करता है कि उनके लिए सत्ता से अधिक महत्वपूर्ण सुशासन, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के विरुद्ध अडिग प्रतिबद्धता रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित