रांची , मई 19 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सड़क और पुल निर्माण में भ्रष्टाचार को लेकर झारखंड सरकार को घेरा है।

श्री मरांडी ने कहा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के क्षेत्र में सड़क और पुल निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही धंसने लगी है। हालत यह है कि लगाए गए पत्थर तक भरभराकर टूट रहे हैं। यह सिर्फ एक योजना की बदहाली नहीं, बल्कि झारखंड में विकास कार्यों की जमीनी सच्चाई को उजागर करने वाली तस्वीर है। जब मुख्यमंत्री के अपने क्षेत्र में ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता इतनी खराब हो, वो घूसख़ोरी के भेंट चढ़ रही हो तो राज्य के दूरदराज़ इलाकों की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

श्री मरांडी ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी अब अपवाद नहीं, बल्कि व्यवस्था का हिस्सा बन चुकी है। योजनाएं जनता की सुविधा और विकास के लिए कम, कमीशनखोरी और बंदरबांट के लिए अधिक संचालित होती दिखाई दे रही हैं। यही कारण है कि जिन लोगों के तंत्र से करोड़ों रुपये नकद बरामद होते हैं, जिन पऔर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगते हैं, उनके जेल से बाहर आने पर स्वागत में होर्डिंग लगाए जाते हैं, पटाखे फोड़े जाते हैं और फूल-मालाओं से लादकर ऐसा माहौल बनाया जाता है मानो वे कोई स्वतंत्रता सेनानी हों।

श्री मारंडी ने कहा कि जब निर्माण कार्यों में घूसखोरी कर नौकरों के यहां करोड़ों रुपये छिपाकर रखने वालों का राजनीतिक महिमामंडन किया जाएगा, तब ईमानदार व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती है? भ्रष्टाचार को संरक्षण मिलेगा तो सड़कें बनने से पहले टूटेंगी, पुल उद्घाटन से पहले दरकेंगे और जनता सिर्फ टैक्स देने तथा बदहाल व्यवस्था झेलने के लिए मजबूर होती रहेगी।

उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर विषय है, क्योंकि इसका सीधा संबंध जनता की गाढ़ी कमाई, सरकारी धन और लोगों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। घटिया निर्माण सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि जनता के विश्वास के साथ खुला खिलवाड़ है।

श्री मरांडी ने कहा कि उक्त सड़क निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई साहिबगंज डीसी से कराई जाए, दोषी संवेदक एवं संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा तय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि जनता का विश्वास प्रशासन और व्यवस्था दोनों पर बना रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित