भोपाल , जनवरी 21 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के भोपाल हाट में 24 से 26 जनवरी तक तीन दिवसीय आजीविका ग्रीन मेले का आयोजन मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा किया जा रहा है। मेले में मिशन से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए रसायन रहित उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजन के तहत समूहों की नर्सरी में तैयार पौधे, फल, सब्जियां, रसायन रहित अनाज, बीज, खाद, कीटनाशक एवं बागवानी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। भोपाल, रायसेन, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, मंदसौर, विदिशा, ग्वालियर, राजगढ़, सागर, श्योपुर, आगर-मालवा, बैतूल, जबलपुर, नरसिंहपुर एवं गुना जिलों से महिला समूहों की सदस्य सामग्री लेकर भोपाल हाट पहुंचेंगी। मेले में लगभग 40 स्टॉल लगाए जाएंगे।
मेले में शोभादार पौधों में गुलाब, सेवंती, डहेलिया, आस्था से जुड़े पौधों में तुलसी, शमी, बेल, सब्जी पौधों में टमाटर, मिर्च, गोभी, पत्ता गोभी तथा ग्राफ्टेड सब्जियों में बैंगन के पौधे उपलब्ध रहेंगे। उन्नत फलदार पौधों में ग्राफ्टेड आम, अमरूद (थाई पिंक), बीज रहित नींबू, संतरा, चीकू और अनार विशेष रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके साथ ही जैविक खाद में केंचुआ खाद, नाडेप खाद, धनजीवामृत, द्रव्यजीवामृत तथा जैविक कीटनाशकों में नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, अग्नि अस्त्र, पांचपर्णी और दशपर्णी काढ़ा मिलेगा। एकीकृत कीट नियंत्रण सामग्री जैसे नीले और पीले स्टिकी ट्रैप, फेरोमोन ट्रैप और लाई ट्रैप भी स्टॉल पर उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा मिट्टी और गोबर के गमले, सब्जी पौध तैयार करने की सामग्री रूट ट्रे, कोको पीट तथा नर्सरी उपयोग के उपकरण खुरपी, सिकेटियर और बडिंग चाकू भी विक्रय के लिए रखे जाएंगे। मेले में आने वाले लोगों के लिए ताजे जूस, फ्रूट सलाद और हर्बल पेय भी विशेष आकर्षण रहेंगे। आजीविका ग्रीन मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित