भोपाल , मई 4 -- पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने अप्रैल 2026 में चलाए गए टिकट चेकिंग अभियान के दौरान 63 हजार से अधिक अनियमितता के मामले पकड़कर 4.6 करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में वाणिज्य विभाग की टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान बिना टिकट यात्रा के 31,107 मामले, अनुचित टिकट के 32,469 मामले तथा बिना बुक कराए सामान के 257 मामले पकड़े गए। कुल 63,833 मामलों से मंडल को 4.6 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।

इस अभियान से भोपाल रेल मंडल की आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वाणिज्य विभाग के टिकट चेकिंग कर्मचारियों के इस कार्य को सराहनीय बताया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित