भोपाल , अक्टूबर 18 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की नागरिक कल्याण समिति इस वर्ष 67वें वर्ष में प्रवेश कर रहे अपने पारंपरिक विजयदशमी आयोजन में टीटी नगर स्थित जवाहर चौक दशहरा मैदान पर 60 फीट ऊंचे रावण तथा 55-55 फीट ऊंचे कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन करेगी। कार्यक्रम शाम छह बजे शुरू होगा।

आयोजन में गुफा मंदिर के महंत राम प्रवेश दास मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग अध्यक्षता करेंगे। सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।

समिति के सचिव सचिन मनीष व्योहार, स्वागत अध्यक्ष वात्स्यायन सोनू भाभा और समन्वयक अजय श्रीवास्तव 'नीलू' ने बताया कि कार्यक्रम में देश के ख्यातिनाम खिलाड़ियों, चिकित्सकों और साहित्यकारों का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर स्मारिका का विमोचन भी होगा।

कार्यक्रम में राधौगढ़ और भोपाल के कलाकार आकर्षक आतिशबाजी प्रस्तुत करेंगे। रावण और मेघनाथ की आंखों से शोले निकलने जैसे विशेष दृश्य भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महिलाओं और बच्चों के लिए अलग बैठक व्यवस्था की गई है। आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए शासन, पुलिस, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के सहयोग से आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। समिति ने नगरवासियों से सपरिवार शामिल होने की अपील की है। मैदान में बैठने की व्यवस्था पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित