भोपाल , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना पुलिस ने 292 इंजेक्शन के साथ 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 146 ब्यूप्रेनॉर्फिन और 146 फेनिरामाइन इंजेक्शन बरामद हुए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर इंजेक्शन की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रेम शर्मा पीपुल्स मॉल के पास इंजेक्शन की डिलीवरी देने पहुंचने वाला है। इस पर पुलिस ने न्यू जेल रोड स्थित सी-साइट रेस्टोरेंट के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 292 इंजेक्शन मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपी इंजेक्शन रखने के संबंध में वैध दस्तावेज और लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि जब्त ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन एनडीपीएस एक्ट के तहत सूचीबद्ध मादक पदार्थ की श्रेणी में पाया गया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वह लूट तथा मारपीट के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया था वहाँ से रिमांड पर लेकर इंजेक्शन की सप्लाई चेन और मुख्य स्रोत की जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित