भोपाल , सितंबर 20 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर 20 सितंबर को विशाल 'शाखा संगम' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे और स्वयंसेवकों को मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम दोपहर बाद करीब तीन बजे आयोजित होगा।
आयोजन में भोपाल विभाग के अंतर्गत आने वाले संगठनात्मक जिलों भोपाल, प्रताप, भोजपुर, तात्या टोपे और विद्युत नगर से करीब 30 हजार पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवक एक साथ समता, शारीरिक व्यायाम, दंड प्रयोग और योग का प्रदर्शन करेंगे। संघ के अनुसार यह भोपाल विभाग के प्रमुख नगरों और बस्तियों में संचालित शाखाओं का बड़ा एकत्रीकरण होगा। इस दौरान समाज जीवन में संगठन की भूमिका और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया जाएगा।
संघ की स्थापना के सौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत भोपाल में मुहल्ला शाखाओं के गठन और विस्तार पर भी जोर दिया गया है। शाखा संगम में इन मुहल्ला शाखाओं से जुड़े स्वयंसेवक भी शामिल होंगे। संघ की ओर से युवाओं के साथ संवाद और परिचर्चाओं पर भी जोर दिया जा रहा है। शाखा संगम में दत्तात्रेय होसबाले युवाओं को मार्गदर्शन देंगे।
कोरोना महामारी के बाद 11 दिसंबर 2022 को भी लाल परेड ग्राउंड पर संघ का 'शारीरिक प्रकटोत्सव' आयोजित हुआ था। इसमें भी दत्तात्रेय होसबाले मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संघ के मध्य भारत प्रांत के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवक उपस्थित रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित