भोपाल , जुलाई 6 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजधानी भोपाल के सतगढ़ी में प्रस्तावित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट औद्योगिक पार्क का भूमि-पूजन किया। राज्य सरकार के अनुसार, इस परियोजना से भोपाल को औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

भूमि-पूजन कार्यक्रम में देश और प्रदेश के 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक तथा विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सरकार के अनुसार, लगभग 173 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह स्मार्ट औद्योगिक पार्क 'वर्क-लिव-ग्रो' मॉडल पर आधारित होगा। इसके अंतर्गत उद्योगों के साथ कर्मचारियों के लिए आवास, कौशल विकास, नवाचार और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

पार्क में हाई वैल्यू मैन्युफैक्चरिंग, परिधान, खिलौना, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, लॉजिस्टिक्स तथा नई प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों की स्थापना का प्रस्ताव है। इससे भोपाल तथा आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

राज्य सरकार का दावा है कि इस परियोजना से 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

परियोजना के तहत लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में 10 हजार लोगों की क्षमता वाला विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं प्रदर्शनी केंद्र भी विकसित किया जाएगा। यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के निवेशक सम्मेलन, औद्योगिक प्रदर्शनियां, व्यापार मेले तथा अन्य व्यावसायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित