भोपाल , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के तहत इलेक्ट्रिक बसों का यात्री ट्रायल शुरू होगा। प्रारंभिक चरण में तीन मार्गों पर 10 ई-बसें पांच दिनों तक यात्रियों के साथ परीक्षण के तौर पर संचालित की जाएंगी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार ट्रायल से पहले पिछले पांच दिनों तक इन बसों का बिना यात्रियों के संचालन कर मार्गों का परीक्षण किया गया। अब यात्रियों के साथ संचालन के दौरान व्यवस्थाओं और रूट की व्यवहारिक स्थिति का आकलन किया जाएगा।
ई-बसों का संचालन चिरायु अस्पताल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन होते हुए बैरागढ़-चिचली तथा चिरायु अस्पताल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन होते हुए कोच फैक्ट्री सहित तीन मार्गों पर किया जाएगा। यात्रियों से वर्ष 2022 में परिवहन विभाग द्वारा अनुमोदित किराया दरों के अनुसार किराया लिया जाएगा।
इन बसों में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए हाइड्रोलिक डोर लगाए गए हैं, जिनकी सहायता से व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल के साथ आसानी से बस में चढ़ा और उतरा जा सकेगा। प्रत्येक बस में छह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी डिपो स्थित नियंत्रण कक्ष से की जाएगी। बसों का संचालन दो शिफ्टों में किया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक रहेगी।
नगर निगम के अनुसार अब तक भोपाल में 21 इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं और अगले 10 से 12 दिनों में 20 और बसें आने की संभावना है। इनके संचालन के लिए बैरागढ़ डिपो में 11 चार्जिंग प्वाइंट भी स्थापित किए गए हैं। ट्रायल सफल रहने पर शहर में नियमित रूप से ई-बस सेवा शुरू की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित