भोपाल , सितंबर 20 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में शाखा संगम और स्वयंसेवक एकत्रीकरण आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में संघ के भोपाल विभाग के अंतर्गत आने वाले पांच जिलों से करीब 30 हजार स्वयंसेवक शामिल होंगे। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य वक्ता और एम्स भोपाल के निदेशक सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल मुख्य अतिथि होंगे।
श्री होसबाले भोपाल के ई-8 अरेरा कॉलोनी स्थित समाज सेवा न्यास में सुबह से विभिन्न श्रेणियों की बैठकें कर रहे हैं। उन्होंने भोपाल शहर में चलने वाले श्रेणी मिलन की टोलियों और संघ विकास मंडली की बैठक की। इसके बाद केंद्रीय संस्थानों के छात्रों और प्राध्यापकों के साथ बैठक प्रस्तावित है।
शाम 4.30 बजे से लाल परेड ग्राउंड पर शाखा संगम का कार्यक्रम होगा। इसमें स्वयंसेवक शारीरिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन करेंगे। संघ गीत और घोष वादन भी होगा। एकत्रीकरण के माध्यम से भोपाल विभाग में नियमित रूप से संचालित संघ की शाखाओं के वृहद स्वरूप को समाज के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों की सहभागिता के साथ संघ के सामाजिक कार्यों और आगामी संकल्पों का संदेश भी दिया जाएगा।
संघ के अनुसार शताब्दी वर्ष का औपचारिक शुभारंभ विजयादशमी 2025 से हुआ है। वर्षभर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से संघ की 100 वर्षों की यात्रा और समाज जीवन में उसके योगदान को सामने रखा जा रहा है। इसके तहत गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन और प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क और संवाद किया गया है।
शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों में पंच परिवर्तन के संदेश को भी प्रमुखता दी जा रही है। सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वबोध और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों को समाज जीवन में व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया जा रहा है।
शाम करीब 6.30 बजे भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में श्री होसबाले चुनिंदा 50 अति विशिष्ट लोगों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद सभागार में रात्रिभोज रखा गया है। इसमें भोपाल के डीआरएम, एम्स भोपाल के निदेशक सहित विभिन्न केंद्रीय संस्थानों के प्रमुख शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित