भोपाल , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बुधवार शाम से झांकियों के चल समारोह निकलेंगे। इनके चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से घर से निकलने से पहले मार्गों की जानकारी लेने की अपील की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर में अब तक 883 छोटी-बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है। शहर में सात हजार से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन होना है। इसके लिए प्रशासन ने खटलापुरा, प्रेमपुरा, बैरागढ़, हथाईखेड़ा, शाहपुरा, आर्च ब्रिज, मालीखेड़ी, सीहोर नाका, अनंतपुरा, ईंटखेड़ी और नरोन्हा सांकल सहित प्रमुख घाटों पर व्यवस्थाएं की हैं। सुरक्षा, सफाई और विसर्जन व्यवस्था के लिए करीब पांच हजार अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

मुख्य चल समारोह रात आठ बजे भारत टॉकीज तिराहा, सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा चौराहा, गणेश चौक मंगलवारा, गल्ला मंडी हनुमानगंज, छोटे भैया चौराहा, जनकपुरी, जुमेराती, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क होते हुए कमलापति घाट पहुंचेगा। कुछ झांकियां पॉलीटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा और 25वीं वाहिनी के सामने से भदभदा तिराहा होते हुए प्रेमपुरा घाट जाएंगी।

चल समारोह के मद्देनजर बुधवार शाम पांच बजे के बाद भारत टॉकीज चौराहा, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड चौराहा और भोपाल टॉकीज चौराहा के बीच सिटी बसों, मैजिक और चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। शाम छह बजे से मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती पानी की टंकी तिराहा और पुरानी सब्जी मंडी की ओर से घोड़ा नक्कास तथा बस स्टैंड की तरफ जाने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। विसर्जन के दौरान भारी वाहनों का शहर में प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।

रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले वाहन एमपी नगर, न्यू मार्केट, अशोका गार्डन, 80 फीट रोड, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज और मैदा मिल मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। एयरपोर्ट जाने वाले वाहन लिंक रोड नंबर-1, अंबेडकर-बोर्ड ऑफिस चौराहा, डीबी मॉल तिराहा, सुभाष नगर, रेलवे ओवरब्रिज, प्रभात चौराहा और 80 फीट रोड से जा सकेंगे। वैकल्पिक रूप से पुल बोगदा, भारत टॉकीज, रोशनपुरा, पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा, लिली तिराहा, तलैया, हमीदिया रोड, रॉयल मार्केट और लालघाटी मार्ग का भी उपयोग किया जा सकेगा।

बैरागढ़ और खजूरी की दुर्गा प्रतिमाओं का चल समारोह बीआरटीएस कॉरिडोर से होते हुए सीहोर रोड स्थित बैरागढ़ विसर्जन स्थल पहुंचेगा। इससे भोपाल-इंदौर मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। इंदौर, भोपाल और देवास की ओर जाने वाले वाहन लालघाटी, नूरगंज तिराहा, गांधीनगर तिराहा, एयरपोर्ट तिराहा, मुबारकपुर चौराहा और नए बायपास मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

बस यात्रियों के लिए भी मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इंदौर और सीहोर की ओर से आने वाली बसें हलालपुर बस स्टैंड तक आएंगी, जबकि गुना और ग्वालियर से आने वाली बसों का अंतिम पड़ाव भी हलालपुर बस स्टैंड रहेगा। बैरसिया से चलने वाली बसें बेस्ट प्राइस तिराहे तक ही आ सकेंगी। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यात्रा पर निकलने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी प्राप्त कर लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित