भोपाल , मार्च 12 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 30 और 31 मार्च को मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें तीनों राज्यों के 70 से अधिक विधायक भाग लेंगे।
विधानसभा सचिवालय के अनुसार यह सम्मेलन विधानसभा के विधान परिषद भवन में आयोजित होगा, जिसमें संसदीय प्रणाली और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां जारी हैं और इसमें लगभग 70 से 80 युवा विधायकों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए राजस्थान और छत्तीसगढ़ से भाग लेने वाले विधायकों की सूची भी मांगी गई है।
बताया गया है कि इस सम्मेलन में 45 वर्ष से कम आयु के विधायक भाग लेंगे। सम्मेलन की तैयारियों पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा लगातार नजर रखे हुए हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित