भोपाल , मई 04 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ के बैनर तले आज सोमवार से अनिश्चितकालीन "घेरा डालो, डेरा डालो" आंदोलन शुरू किया गया है।
भारतीय किसान संघ संगठन के अनुसार यह धरना एम.पी. नगर तहसील कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें हुजूर तहसील सहित जिले के सैकड़ों किसान शामिल हो रहे हैं। आंदोलन का नेतृत्व भारतीय किसान संघ, तहसील हुजूर द्वारा किया जा रहा है।
किसानों का कहना है कि स्लॉट बुकिंग, किसान सम्मान निधि, फार्मर आईडी, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, बिजली समस्याएं, फसल बीमा और भूमि अधिग्रहण जैसे कई मामलों में लगातार परेशानी हो रही है। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
प्रमुख मांगों में गेहूं खरीदी में देरी और पोर्टल की समस्या को दूर करना, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का सर्वे कर मुआवजा देना, भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा सुनिश्चित करना तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए समय सीमा तय करना शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित