भोपाल , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बोहरा समाज ने ईद का पर्व सादगी और धार्मिक आस्था के साथ मनाया। इस दौरान शहर की विभिन्न मस्जिदों और मरकजों में नमाज अदा कर अमन-शांति और खुशहाली की दुआ की गई।

सुबह से ही भोपाल के नूर महल मरकज, अलीगंज मस्जिद, करोंद स्थित बुरहानी मस्जिद, सोफिया कॉलेज परिसर की बद्री मस्जिद, कोहफिजा मरकज, कब्रस्तान स्थित अहमदी मस्जिद और मालीपुरा की हुसैनी मस्जिद में समाजजन बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और अनुशासन के साथ नमाज अदा की।

बोहरा समाज के इब्राहिम अली दाऊद ने बताया कि अलीगंज मस्जिद में जनाब इब्दे मदियान की मौजूदगी में नमाज अदा की गई, जबकि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी वरिष्ठ समाजजनों के मार्गदर्शन में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। पूरे आयोजन में सादगी और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित