भोपाल , अप्रैल 23 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बिजली चोरी के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली जोन में की गई इस कार्रवाई में 11 प्रकरण दर्ज कर कुल 15 लाख 58 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।

कंपनी के अनुसार निरीक्षण दल ने इस्लामपुरा क्षेत्र में स्थित बहुमंजिला और आलीशान मकानों की जांच की, जिसमें बिजली के दुरुपयोग के कई गंभीर मामले सामने आए। एक आवासीय परिसर में बिना अनुमति के कोल्ड स्टोरेज संचालित किया जा रहा था, जहां बड़े स्तर पर बिजली की खपत हो रही थी।

इसी प्रकार एक अन्य मकान में घरेलू कनेक्शन का उपयोग कर फर्नीचर निर्माण का कारखाना चलाया जा रहा था, जबकि एक स्थान पर मुख्य लाइन से सीधे तार जोड़कर ई-व्हीकल चार्जिंग करते हुए अवैध उपयोग पकड़ा गया।

कंपनी ने इन सभी मामलों में विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित उपभोक्ताओं पर कुल 15.58 लाख रुपये की पेनल्टी और बकाया राशि निर्धारित की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित