भोपाल , अप्रैल 02 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर जय मां भवानी हिंदू संगठन द्वारा भव्य एवं ऐतिहासिक हिंदू एकता शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह शोभायात्रा विगत 12 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है और हर वर्ष विशाल जनसमूह की सहभागिता के साथ धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गौरव एवं सामाजिक एकता का प्रतीक बनती जा रही है।

शोभायात्रा मां कालीघाट मंदिर छोटा तालाब से प्रारंभ होकर चार बत्ती चौराहा, बुधवारा, इतवारा, मंगलवारा, हनुमानगंज मार्केट, जुमेराती, घोड़ा निकास, बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज और सिंधी कॉलोनी होते हुए बैरसिया रोड स्थित मां दुर्गा मंदिर पर संपन्न होगी। यात्रा की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ से होगी और समापन भंडारे के साथ किया जाएगा।

आयोजन में दक्षिण भारतीय शैली में निर्मित भगवान हनुमान की लगभग 15 फीट ऊंची प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके साथ ही राजस्थान के पारंपरिक ढोल नगाड़ों की गूंज और आकर्षक आतिशबाजी से वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बनेगा। शोभायात्रा में सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से हाल ही में हुए गौ हत्या कांड एवं नगर निगम स्लॉटरहाउस से जुड़े विषयों के विरोध में एक प्रतीकात्मक झांकी भी शामिल की जाएगी, जिसके माध्यम से जनभावनाओं को अभिव्यक्त किया जाएगा।

संगठन ने प्रशासन एवं नगर निगम से शोभायात्रा के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए पेयजल, साफ सफाई, सड़क मरम्मत, अस्थायी शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, फॉगिंग, कचरा प्रबंधन, बैरिकेडिंग और मार्ग में पानी के छिड़काव जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। साथ ही शोभायात्रा मार्ग में मांस और मदिरा की दुकानों को बंद रखने की भी मांग की गई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु हिंदू ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा को भव्य और अनुशासित बनाने में सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित