भोपाल , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दशहरे के आयोजन को सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम ने गाइडलाइन जारी की है। इसमें विसर्जन घाटों और रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने तथा संकरी गलियों में रावण दहन नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

आठ अक्टूबर को न्यू मार्केट में हुई भीषण आग की घटना के बाद नगर निगम ने दुर्गा उत्सव और रावण दहन समितियों के लिए सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी किए हैं। आग की चपेट में आसपास की कई दुकानें भी आ गई थीं, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ था।

शहर में सात हजार से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन तीन दिन तक चलने की संभावना है। इसके लिए खटलापुरा, प्रेमपुरा, बैरागढ़, हथाईखेड़ा, शाहपुरा, आर्च ब्रिज, मालीखेड़ी, सीहोर नाका, अनंतपुरा, ईटखेड़ी और नरोन्हा सांकल सहित प्रमुख घाटों पर व्यवस्थाएं की गई हैं।

भीड़ नियंत्रण के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है। करीब पांच हजार अधिकारी-कर्मचारी सुरक्षा, सफाई और विसर्जन व्यवस्था संभालेंगे। घाटों पर गोताखोरों की तैनाती के साथ क्रेन, जेसीबी और लाइफ जैकेट की व्यवस्था भी की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित