भोपाल , मार्च 29 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में तीन राज्यों के युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन 30 और 31 मार्च को विधानसभा के विधान परिषद हाल में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में राष्ट्रकुल संसदीय संघ (भारत क्षेत्र-6) के अंतर्गत मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के कुल 55 युवा विधायक शामिल होंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सम्मेलन में मध्यप्रदेश के 18, छत्तीसगढ़ के 15 और राजस्थान के 22 युवा विधायक भाग लेंगे। 30 मार्च को आयोजित उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उपस्थित रहेंगे।

सम्मेलन के प्रथम दिवस 'लोकतंत्र और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने हेतु युवा विधायकों की भूमिका' विषय पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस सत्र में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी भी युवा विधायकों को संबोधित करेंगे।

दूसरे दिन 31 मार्च को 'विकसित भारत 2047 - युवा विधायकों के दायित्व एवं चुनौतियां' विषय पर चर्चा होगी। इस दौरान विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। एमआईटी पुणे के चेयरमैन डॉ. राहुल वी. कराड भी प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। समापन समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित