भोपाल , जून 07 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के लालघाटी क्षेत्र स्थित एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में आज रविवार सुबह आग लग गई, जिस पर फायर ब्रिगेड की आठ दमकलों ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एलर कॉम्प्लेक्स नामक इमारत में संचालित भोज इन रेस्टोरेंट के किचन में आग लगी, जो बाद में अन्य हिस्सों तक फैल गई। घटना का पता तब चला जब समीपवर्ती भवन के एक सुरक्षा गार्ड ने सुबह धुआं उठता देखा और इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।

सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलते ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों से फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां और जल टैंकर मौके पर पहुंचाए गए। दमकलकर्मियों ने दीवार तोड़कर भीतर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान चलाया।

वही फायर अधिकारियों के अनुसार रेस्टोरेंट के किचन में रखे चार वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। आग लगने के समय रेस्टोरेंट में कोई मौजूद नहीं था। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित