भोपाल , अक्टूबर 03 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल हुए। सरकारी दावों के अनुसार भेल दशहरा मैदान में आयोजित सम्मेलन में 11 जिलों से करीब 35 हजार गोपालक और पशुपालक पहुंचे। इस दौरान पंजीकृत गोशालाओं के लिए 101 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि वितरित की गई।

श्री शाह ने इससे पहले भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों पर मध्यप्रदेश पुलिस की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, गृह विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और तीर्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया मौजूद रहे।

सम्मेलन के दौरान उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले डेयरी प्लांट का वर्चुअली भूमिपूजन किया गया। प्लांट की शुरुआती क्षमता प्रतिदिन तीन लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की होगी, जिसे बाद में पांच लाख लीटर तक बढ़ाया जा सकेगा। परियोजना में राज्य सरकार 170 करोड़ रुपये और दुग्ध संघ 85 करोड़ रुपये ऋण के माध्यम से जुटाएगा। इसे करीब दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है।

प्लांट में प्रतिदिन करीब 1.50 लाख लीटर पैक्ड मिल्क, 25 हजार लीटर दही तथा 10 हजार लीटर लस्सी-छाछ के उत्पादन की योजना है। सम्मेलन में गोपालक दीदियों के सम्मान और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों को लाभांश एवं बोनस वितरण के कार्यक्रम भी हुए।

श्री शाह के कार्यक्रम में केंद्र और राज्य के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित था। इसके अलावा भौंरी स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) के विस्तारित 'अत्रि' परिसर का शिलान्यास तथा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम भी शामिल था। नए परिसर के लिए राज्य सरकार ने 52 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है, जहां क्वांटम साइंस, ड्रोन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोबोटिक्स से जुड़े कार्य किए जाने हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सम्मेलन में कहा कि प्रदेश में दूध संग्रहण को बढ़ाकर 50 लाख लीटर प्रतिदिन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा और सांची के माध्यम से दूध उपलब्ध कराया जाएगा।

सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से किसान और पशुपालक बसों से पहुंचे। किसानों ने सरकार की योजनाओं से पशुपालन में मिली सहायता का उल्लेख किया, जबकि कुछ किसानों ने खाद की उपलब्धता और सोयाबीन फसल के नुकसान पर मुआवजे की मांग भी रखी।

श्री शाह शुक्रवार देर रात भोपाल पहुंचे थे। उनके दौरे के मद्देनजर शहर में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए। भेल दशहरा मैदान और आसपास के क्षेत्रों में जांच के बाद प्रवेश दिया गया तथा यातायात व्यवस्था के लिए बैरिकेडिंग की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित