भोपाल , मई 5 -- पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने वर्ष 2026 के पहले चार माह में 261 दिव्यांग रियायत कार्ड जारी कर दिव्यांगजन यात्रियों को सुलभ और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार भारतीय रेलवे द्वारा दृष्टिहीन, मानसिक रूप से अस्वस्थ, श्रवण एवं वाणी बाधित तथा शारीरिक रूप से दिव्यांग यात्रियों को 25 प्रतिशत से 75 प्रतिशत तक किराये में छूट प्रदान की जाती है। यह सुविधा दिव्यांग रियायत कार्ड के माध्यम से काउंटर और ऑनलाइन टिकट बुकिंग दोनों में उपलब्ध है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि यदि दिव्यांग यात्री के साथ कोई सहयोगी यात्रा करता है, तो उसे भी समान रियायत का लाभ दिया जाता है। उन्होंने बताया कि कार्ड बनवाने के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है।
आवेदन हेतु जिला चिकित्सा अस्पताल द्वारा जारी दिव्यांग प्रमाणपत्र, रेलवे रियायत प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र तथा पासपोर्ट आकार का फोटो आवश्यक है। संबंधित दस्तावेज रेलवे की वेबसाइट पर अपलोड करने के बाद सत्यापन उपरांत कार्ड जारी किया जाता है और आवेदक को एसएमएस के माध्यम से सूचना दी जाती है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि अधिक जानकारी या सहायता के लिए यात्री कार्य दिवसों में भोपाल मंडल कार्यालय के दिव्यांग सेल से संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित