बैतूल , जून 20 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में भोपाल-बैतूल नेशनल राजमार्ग पर शुक्रवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डाडीवाड़ा के समीप एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में शाहपुर विकासखंड के ग्राम हाड़ीपानी निवासी सुखराम चौहान (55) और तीन वर्षीय सूर्यांश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 22 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

शाहपुर थाना प्रभारी अरविंद धुर्वे ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

इस बीच स्थानीय ग्रामीणों ने भोपाल-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग के अधूरे निर्माण और सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी पर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि राजमार्ग के कई हिस्सों में निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं, सड़कें क्षतिग्रस्त हैं तथा पर्याप्त संकेतक और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से राजमार्ग निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने तथा सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी ऐसे हादसे होते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित