भोपाल , मई 29 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में वीआईपी रोड स्थित बड़े तालाब में आज सुबह एक युवती द्वारा छलांग लगाए जाने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर नगर निगम और फायर ब्रिगेड के गोताखोरों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार युवती की पहचान मनिषा के रूप में हुई है, जो बैरागढ़ क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह सुबह करीब आठ बजे अपने दो दोस्तों के साथ वीआईपी रोड घूमने आई थी।

तलैया थाना प्रभारी दीपक डहरिया ने बताया कि युवती किसी से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन बात नहीं हो पाने के कारण वह तनाव में आ गई। इसी दौरान उसने अचानक बड़े तालाब में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोर मोहम्मद इमरान, शेख आसिफ और आमिर ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती को पानी से बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द किया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार युवती और उसके साथ मौजूद लोगों के बयान अभी दर्ज नहीं किए जा सके हैं। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित