भोपाल , अक्टूबर 20 -- विजयादशमी के अवसर पर भोपाल सहित मध्यप्रदेश में शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। भोपाल के नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन मैदान में मंत्री विश्वास सारंग और सांसद आलोक शर्मा की मौजूदगी में शस्त्र पूजन किया गया। इस दौरान सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की गई।

कार्यक्रम में महापौर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, कमिश्नर कर्मवीर शर्मा, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और संयुक्त पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री सारंग ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शस्त्र शक्ति, साहस और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रतीक हैं तथा भारतीय परंपराएं संस्कृति, मूल्यों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का बोध कराती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित