भोपाल , जून 28 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र स्थित सुदामा नगर में बुजुर्ग दंपती हेमंत बारीक और शकुंतला बारीक की हत्या के मामले की जांच में कई नए तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार दंपती को करीब पांच से सात फीट की दूरी से गोली मारी गई थी और मामले में संपत्ति सहित विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपती की कोई संतान नहीं थी, जबकि उन्होंने पड़ोसियों से यह कह रखा था कि उनका बेटा विदेश में रहता है। घटना के बाद पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि दंपती निसंतान थे और इसी कारण वे मानसिक रूप से परेशान रहते थे।
पड़ोसियों के अनुसार दंपती का सामाजिक मेलजोल सीमित था और वे अधिकतर समय घर में ही रहते थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि विदेश में बेटे के होने की बात लोगों से कहने के पीछे क्या कारण था और इसका हत्या से कोई संबंध है या नहीं।
जांच के दौरान पुलिस दंपती की लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति के पहलू की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि संपत्ति विवाद सहित सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
क्राइम ब्रांच की छह टीमें और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मामले की जांच में जुटे हैं। घटनास्थल से देशी पिस्तौल के तीन खाली कारतूस बरामद हुए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, किराए पर रहने वाले छात्रों से पूछताछ की जा रही है तथा परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित