भोपाल , मई 13 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के करोंद क्षेत्र स्थित एक चार मंजिला व्यावसायिक बिल्डिंग में बुधवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग में एयर कंडिशनर और फर्नीचर जल गए, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग बिल्डिंग के प्रथम तल पर लगी, जहां एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित है। इसी परिसर में केएफसी का आउटलेट भी स्थित है। आग की लपटें और काला धुआं उठता देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग घरों तथा दुकानों से बाहर निकल आए।
नगर निगम के फायर प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि बिल्डिंग में स्थित इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के पास रखे जनरेटर में आग लगी थी। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से कई एयर कंडिशनर और फर्नीचर जल गए। हालांकि केएफसी आउटलेट को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही पीपुल्स हॉस्पिटल की फायर ब्रिगेड तथा नगर निगम की दमकल मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। निशातपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित