भोपाल , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में देर रात एक रजाई-गद्दे की दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। आग की लपटें करीब 20 फीट तक ऊपर उठती देखी गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात स्प्रिंग वैली इलाके में हुई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दमकल दल के मौके पर पहुंचने में करीब 45 मिनट का समय लग गया, जिससे आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका।
आसपास के लोगों ने आरोप लगाया कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि मौके पर पहुंची दमकल वाहन में तकनीकी खराबी थी, जिसके चलते आग बुझाने में और देरी हुई। बाद में दमकल कर्मियों ने आवश्यक संसाधन जुटाकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित