भोपाल , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 14 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित लाखों नागरिक शामिल होंगे। तिरंगा यात्रा हुजूर विधानसभा क्षेत्र के मुखर्जी नगर कोलार से शुरू होकर संत हिरदाराम नगर, बैरागढ़ तक जाएगी।
यात्रा की तैयारियों को लेकर विधायक रामेश्वर शर्मा ने मंगलवार को भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा एवं पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ यात्रा प्रारंभ स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मदर टेरेसा स्कूल के सामने बनने वाले मंच और यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कर्मश्री के तत्वावधान में विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा प्रतिवर्ष अखंड भारत स्मृति दिवस पर विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान के तारतम्य में आयोजित होने वाली इस यात्रा में हर वर्ष बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होते हैं।
यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों द्वारा मंच लगाकर यात्रा में शामिल लोगों का अभिनंदन किया जाता है। आयोजकों के अनुसार यह यात्रा हर वर्ष अपनी भव्यता के नए कीर्तिमान स्थापित करती है।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि इस वर्ष की तिरंगा यात्रा इतनी विशाल होगी कि देशभर में इसकी चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि इस बार नागरिकों ने बढ़-चढ़कर यात्रा के लिए पंजीयन कराया है। नागरिकों के उत्साह से स्पष्ट है कि इस वर्ष की यात्रा ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित