भोपाल , मार्च 18 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित जेके मेडिकल यूनिवर्सिटी, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी, जेके हॉस्पिटल तथा एलएन मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आज बुधवार सुबह करीब 10 बजे संबंधित संस्थानों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि परिसर में करीब 21 बम रखे गए हैं और इस्लामी समयानुसार जौहर की नमाज के बाद दोपहर लगभग 1:30 बजे सीरियल ब्लास्ट किए जाएंगे।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और सभी परिसरों की सघन तलाशी शुरू कर दी गई। एहतियात के तौर पर अस्पताल और कॉलेज भवनों को खाली कराया गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और मेल भेजने वाले की पहचान के प्रयास जारी हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी शहर में विभिन्न संस्थानों, जिनमें पीपल्स यूनिवर्सिटी, नापतौल कार्यालय और एम्स अस्पताल शामिल हैं, को इसी प्रकार की धमकियां मिल चुकी हैं, जिनकी जांच अभी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित