धार , जून 09 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की हुजूर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा आज मंगलवार को धार स्थित भोजशाला पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की, महाआरती में भाग लिया और भोज उत्सव समिति द्वारा आयोजित साप्ताहिक सत्याग्रह कार्यक्रम में शामिल हुए।

श्री शर्मा ने भोजशाला परिसर में मां वाग्देवी (सरस्वती) के चित्र का विधि-विधान से पूजन किया तथा सुंदरकांड पाठ में भी सहभागिता की। इस अवसर पर भोज उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें भोजशाला के ऐतिहासिक महत्व, प्राचीन स्थापत्य और स्तंभों पर अंकित आकृतियों के संबंध में जानकारी दी।

हिंदू समाज को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि भोजशाला मां सरस्वती का प्राचीन और पावन मंदिर है तथा इसके संरक्षण और पहचान के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों पर चले प्रयासों के बाद ऐतिहासिक तथ्यों को मान्यता मिली है।

मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने मुस्लिम समाज से ऐतिहासिक तथ्यों को स्वीकार करने और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों को आपसी सद्भाव और संवाद के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

भोजशाला के विकास संबंधी योजनाओं का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि पुरातत्व विभाग के नियमों के अनुरूप परिसर और आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थानीय स्तर पर सुझाव लेकर आगे की योजना बनाई जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि इंग्लैंड स्थित संग्रहालय में संरक्षित मां वाग्देवी की प्रतिमा को भारत वापस लाने के लिए केंद्र और राज्य स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं तथा भविष्य में प्रतिमा की वापसी होने पर उसे सम्मानपूर्वक स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित