धार , अगस्त 13 -- मध्यप्रदेश में धार नगर स्थित भोजशाला परिसर में धार्मिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर सकल पंच रजक समाज के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। समाज ने भोजशाला परिसर में नमाज नहीं करवाए जाने तथा हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाओं और आस्था से जुड़े विषयों को लेकर अपनी मांग रखी।

समाज ने ज्ञापन में कहा कि भोजशाला परिसर को लेकर न्यायालयों द्वारा समय-समय पर दिए गए आदेशों एवं वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत न हों तथा शहर में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

समाज ने मांग की कि भोजशाला परिसर में धार्मिक गतिविधियों एवं आवागमन की व्यवस्था न्यायालयीन आदेशों के अनुरूप स्पष्ट और व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से हिन्दू समाज की पूजा-अर्चना एवं धार्मिक गतिविधियों में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं हो तथा दोनों समुदायों के बीच विवाद अथवा तनाव की स्थिति निर्मित न हो।

मीडिया प्रभारी हंसराज सोनवानिया ने बताया कि शहर की सामाजिक एवं धार्मिक संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन द्वारा न्यायालय के आदेशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। समाज ने प्रशासन से भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए स्पष्ट, स्थायी एवं शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए जाने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान सकल पंच रजक समाज के अध्यक्ष कैलाश पिपलोदिया, गोपाल मालवीय, सुरेश जलोदिया सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित