आरा , जून 23 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को भोजपुर जिले में गड़हनी अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी जितेन्द्र कुमार को तीन हजार पांच सौ रूपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी रामदेव राम ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजस्व कर्मचारी जितेन्द्र कुमार के द्वारा जमीन का दाखिल-खारिज करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता गौतम कृष्ण के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त जितेन्द्र कुमार को तीन हजार पांच सौ रूपये रिश्वत लेते हुए गड़हनी अंचल कार्यालय परिसर से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित