मुंबई, अप्रैल 10 -- सआरके म्यूजिक प्रा. लि. प्रस्तुत बहुप्रतीक्षित भोजपुरी फिल्म "सास बहू यमराज" का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 11 अप्रैल, शाम 6:30 बजे तथा 12 अप्रैल, रविवार, सुबह 9:30 बजे भोजपुरी सिनेमा चैनल पर होगा। फिल्म के निर्माता रौशन सिंह ने कहा कि फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है, जिसके बाद अब इसे टीवी दर्शकों तक भव्य रूप में पहुंचाया जा रहा है।
रौशन सिंह ने बताया कि "सास बहू यमराज" केवल मनोरंजन से भरपूर फिल्म नहीं है, बल्कि यह एक मजबूत सामाजिक संदेश भी अपने साथ लेकर आती है। फिल्म में हास्य, पारिवारिक रिश्तों की जटिलता, भावनात्मक उतार-चढ़ाव और मनोरंजन का ऐसा मिश्रण है, जो हर वर्ग के दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म टेलीविजन पर भी वही सफलता दोहराएगी, जो इसके प्रचार-प्रसार के दौरान देखने को मिली है।
फिल्म में आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह मुख्य भूमिका में हैं। इनके साथ समर्थ चतुर्वेदी, अयाज़ खान, श्रद्धा नवल, विद्या सिंह, साहिल सिद्दीकी, ऋतु चौहान, अनुषा शर्मा और दीप्ति तिवारी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्देशन संजय श्रीवास्तव ने किया है, जबकि इसके निर्माता रौशन सिंह और सह-निर्माता शर्मिला आर. सिंह हैं। फिल्म की कहानी और पटकथा प्राण नाथ ने लिखी है। संगीत ओम झा का है, जबकि गीतों को प्यारे लाल यादव, शेखर मधुर, धरम हिंदुस्तानी और नृपजीत सिंह ने शब्द दिए हैं। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी सिद्धार्थ सिंह, संपादन संतोष हरावड़े और कोरियोग्राफी कानू मुखर्जी ने की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित