जोधपुर , मई 14 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत की सेवा भावना को राज्य सरकार के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए गुरुवार को कहा कि इससे प्रेरणा लेते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प के साथ उनकी सरकार ने पिछले लगभग ढाई वर्षों में किसान, महिला, युवा और गरीब के कल्याण के लिए कई कदम उठाएं हैं।

श्री शर्मा आज यहां श्री भैरोसिंह शेखावत की मूर्ति अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैरोसिंह शेखावत लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रहरी और वंचितों की आवाज तथा राजनीति में नैतिक मूल्यों के प्रतीक थे। उन्होंने जननायक के रूप में सदैव गरीब, किसान और अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति को आगे बढ़ाने के लिए कार्य किया और उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को धरातल पर उतारते हुए अंत्योदय योजना शुरू की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री भैरोसिंह शेखावत का कहना था कि राजनीति का उद्देश्य केवल शासन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में आशा और सम्मान लाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भैरोसिंह की यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को कठिन परिस्थितियों में भी ईमानदारी, संघर्ष और समर्पण के बल पर महान ऊंचाइयों को प्राप्त करने की प्रेरणा देगी। हमें उनके जीवन से लोकतंत्र की गरिमा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री के तौर पर श्री शेखावत का कार्यकाल प्रदेश के विकास का स्वर्णिम अध्याय माना जाता है। प्रदेश को मजबूत बनाने के लिए उन्होंने जो छोटा पौधा लगाया था, जो आज वटवृक्ष के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 78 लाख किसानों को ब्याज मुक्त फसली ऋण उपलब्ध करवाया। इसी तरह पीएम कुसुम योजना के तहत 67 हजार सोलर पंप लगाने के साथ ही 2 लाख 18 हजार कृषि कनेक्शन जारी किए।

उन्होंने कहा कि इसी तरह महिला सशक्तीकरण की दिशा में हमारी सरकार लाडो प्रोत्साहन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना संचालित कर रही हैं। हमने 44 हजार से अधिक छात्राओं को स्कूटी और 13 लाख से अधिक छात्राओं को साइकिल वितरित की है। वहीं, 21 लाख से अधिक लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने युवाओं के लिए 4 लाख सरकारी नौकरी तथा निजी क्षेत्र में 6 लाख रोजगार देने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में अब तक हमने सवा लाख युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति पत्र दिए हैं। वहीं, 1 लाख 35 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं तथा इस वर्ष के लिए सवा लाख का कैलेंडर निर्धारित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित