बीजापुर/रायपुर , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ के भैरमगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। कांग्रेस ने इस मामले को आधार बनाकर राज्य सरकार और सत्तारूढ़ दल पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इन्हें निराधार और प्रोपेगेंडा करार दिया है।

जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में गत 11 अप्रैल की रात नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। पुलिस के अनुसार इस मामले में कुल पांच आरोपी पाए गए हैं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के निर्देश पर बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना ने सोमवार को वीडियो संदेश जारी कर कार्रवाई की पुष्टि की है। पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

इस घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज राज्य सरकार और (भाजपा) बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और लगातार महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में दुर्ग-भिलाई में पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, भैरमगढ़ में सामूहिक दुष्कर्म और सरगुजा में महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या जैसी घटनाएं सामने आई हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है और राज्य में ''कानून का नहीं बल्कि जंगलराज'' का माहौल बन गया है।

कांग्रेस संगठन ने ''एक्स'' पर भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया है। पार्टी की ओर से किए गए पोस्ट में भाजपा को घेरते हुए तीखी टिप्पणी की गई, जिसमें ''बेटी बचाओ भाजपा नेताओं से'' जैसे संदेश भी साझा किए गए हैं।

वहीं, कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने कड़ा प्रतिवाद किया है। पार्टी के प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय ने कहा कि राज्य में होने वाले हर अपराध पर पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है और किसी भी मामले में सरकार या पार्टी नेताओं का हस्तक्षेप नहीं होता। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को ''पूरी तरह राजनीतिक और भ्रामक'' बताते हुए कहा कि यह केवल जनता को गुमराह करने का प्रयास है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित