बीजापुर , जुलाई 02 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने गुरुवार को बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया तथा बस्तर से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।

सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधायक लखेश्वर बघेल, पूर्व विधायक देवती कर्मा, पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह वोरा तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मलकीत सिंह गैदु सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं का नेलसनार से विधायक निवास तक कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर के स्वागत संबोधन से हुई।

विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि सम्मेलन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठन को मजबूती मिलेगी।

श्री बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने ढाई वर्ष के कार्यकाल में जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने आगामी चुनावों में बस्तर संभाग की सभी 12 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की जीत का लक्ष्य बताते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों को तेंदूपत्ता तोड़ने से रोका जा रहा है, जबकि उद्योगपतियों को खनिज उत्खनन की अनुमति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर के जल, जंगल और जमीन की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता है और पार्टी इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित