हरिद्वार , अगस्त, 01 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में भैंस खरीदने गए युवक से एक लाख रुपये की लूट के मामले का शनिवार को पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 80 हजार रुपये, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इससे पहले एक महिला आरोपी को 10 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिहचंदी निवासी इमरान ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई को भैंस खरीदने के लिए एक लाख रुपये लेकर जाते समय चार अज्ञात बदमाशों ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर नकदी लूट ली। इस संबंध में 20 जुलाई को कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, स्थानीय स्तर पर की गई जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से मामले का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि पीड़ित को भैंस खरीदने भेजने वाली उसकी परिचित महिला ने ही आरोपियों को उसके पास एक लाख रुपये होने की सूचना दी थी। पुलिस ने 28 जुलाई को महिला आरोपी को उसके हिस्से के 10 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित