बैतूल , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की भैंसदेही पुलिस ने ग्राम जूनापानी में पानी पिलाने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर एसडीओपी भैंसदेही भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। लगातार दबिश के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि 21 जून 2026 को फरियादी प्रवीण मरकाम अपने परिवार के साथ ग्राम मरामझिरी से अपने पुत्र विशाल मरकाम की ससुराल ग्राम जूनापानी बहू को लेने गया था। इसी दौरान पानी पिलाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

घटना में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय आकाश मरकाम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने पहले से दर्ज प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या की धारा जोड़कर विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रवि वाडिवा (38), बुद्धेसिंह वाडिवा (57), अनीता वाडिवा (39), तीनों निवासी ग्राम जूनापानी तथा वैष्णवी मरकाम (21), निवासी मरामझिरी हाल निवासी जूनापानी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच के चलते फरार आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित