बैतूल , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में अवैध सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से पांच लोगों को सट्टा लिखते गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6,377 रुपये नकद और सट्टा सामग्री जब्त कर सट्टा अधिनियम की धारा 4(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और भैंसदेही एसडीओपी भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 17 अगस्त को सवालमेंडा, जाम मोहल्ला, बस स्टैंड, दय्यत बाबा चौक और बाजार चौक क्षेत्र में सट्टा लिखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को पकड़ा।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सवालमेंढा निवासी सुनील पिता चुन्नीलाल बारसकर (31), भैंसदेही वार्ड क्रमांक 15 निवासी जाफर उर्फ चड्डू पिता गुलमीर खान (35), वार्ड क्रमांक सात निवासी रामेश्वर सोनी पिता पंडरी (45), वार्ड क्रमांक 14 निवासी इकरामुद्दीन सैय्यद पिता जहीरूद्दीन और वार्ड क्रमांक 13 निवासी अरुण पिता शंकर राठौर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 6,377 रुपये नकद और सट्टा सामग्री बरामद की। प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

भैंसदेही क्षेत्र में सट्टे के अवैध कारोबार को लेकर ग्रामीणों द्वारा समय-समय पर सवाल उठाए जाते रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के कई गांवों और कस्बे के विभिन्न हिस्सों में सट्टा संचालित हो रहा है। कुछ लोगों ने मोबाइल के माध्यम से सट्टा चलाने वाले बड़े कारोबारियों तक कार्रवाई नहीं पहुंचने और सट्टा कारोबार को कथित राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोप भी लगाए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित