बैतूल , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के भैंसदेही में पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो दिनों में तीन जुआ फड़ों पर दबिश देकर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से 23 हजार 960 रुपये नकद तथा ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और भैंसदेही एसडीओपी भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने 13 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर ग्राम कोथलकुंड में टोल के पास अलग-अलग स्थानों पर संचालित दो जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश दी। मौके पर 16 लोगों को ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते पकड़ा गया। उनके कब्जे से 18 हजार 770 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए।
इसके बाद 14 अगस्त की रात ग्राम सालईढाना में सुखदेव मर्सकोले के घर के पास सड़क किनारे बिजली के खंभे की रोशनी में जुआ खेल रहे छह लोगों को पुलिस ने पकड़ा। इनके कब्जे और फड़ से पांच हजार 190 रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए।
पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सातनकर, उप निरीक्षक नेपाल सिंह ठाकुर सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से जुआ-सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने और इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित