बैतूल , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भैंसदेही और भीमपुर विकासखंड को मिलाकर नया जिला बनाने की मांग उठी है। जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश संयोजक एवं नर्मदापुरम संभाग प्रभारी जामवंत सिंह कुमरे के नेतृत्व में कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति दुर्गम होने और जिला मुख्यालय से दूरी अधिक होने के कारण ग्रामीणों तथा आदिवासी समुदाय के लोगों को राजस्व कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस सेवाओं और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे उनका समय और धन खर्च होता है।
जयस ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या और जनहित को ध्यान में रखते हुए नए जिले के गठन की व्यवहार्यता का निष्पक्ष सर्वेक्षण कराने तथा स्थानीय जनभावनाओं का आकलन कर प्रस्ताव राज्य शासन को भेजने की मांग की है।
संगठन ने कलेक्टर से इस संबंध में सकारात्मक अनुशंसा करने और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए समय तय कराने में सहयोग का आग्रह भी किया। ज्ञापन सौंपने वालों में सोनू धुर्वे, लोकेश कसदे करोचे, पिंकेश कुमरे, सागर उइके, ईश्वर मरकाम और शिवम मरकाम सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित