भोपाल , अप्रैल 6 -- भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) भोपाल की इन-हाउस कैलिब्रेशन लेबोरेटरी (टीएसडी) को अंतरराष्ट्रीय मानक आईएसओ/आईईसी 17025 के अनुरूप नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज (नाब्ल) से अगले चार वर्षों के लिए पुनः मान्यता प्राप्त हुई है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह मान्यता टीएसडी प्रयोगशाला की तकनीकी दक्षता, विश्वसनीयता और वैश्विक स्तर की कार्यकुशलता को प्रमाणित करती है। इसके माध्यम से मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, प्रेशर और थर्मल क्षेत्रों में अंशांकन की सटीकता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुनिश्चित होगी।

नए स्वीकृत दायरे के तहत प्रयोगशाला की क्षमताओं का विस्तार किया गया है। अब 300 मिमी तक के इंजीनियर स्क्वायर, 1000 मिमी तक के लॉन्ग गेज ब्लॉक तथा 0 से 90 डिग्री तक के बेवल प्रोट्रैक्टर का अंशांकन संभव होगा। इसके अलावा माइक्रोमीटर की अंशांकन सीमा 2000 मिमी और वर्नियर कैलीपर की 2500 मिमी तक बढ़ाई गई है। थिकनेस फॉयल की अंशांकन क्षमता को भी 9 माइक्रोन तक उन्नत किया गया है, जिससे उच्च सटीकता वाले कार्यों में सुविधा मिलेगी।

इन सुविधाओं से भेल के विभिन्न उत्पादन समूहों को लाभ मिलेगा, साथ ही समय और लागत में बचत भी होगी। इसके अलावा प्रयोगशाला आसपास के स्थानीय उद्योगों को भी सेवाएं प्रदान करेगी, जिससे क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह उपलब्धि गुणवत्ता के प्रति भेल की प्रतिबद्धता को मजबूत करने के साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी सशक्त बनाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित