जगदलपुर , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ से लगे पूर्वी तट रेलवे के रायगड़ा मंडल में एमवीजी और सीटीएस रेलवे स्टेशनों के बीच भूस्खलन के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने 13 से 22 अक्टूबर के बीच विभिन्न तिथियों में कई यात्री ट्रेनों को रद्द करने तथा कुछ ट्रेनों का परिचालन सीमित करने का निर्णय लिया है।
रेलवे से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस (18515) और किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस (18516) का परिचालन 13 से 20 अक्टूबर तक निरस्त रहेगा। इसी तरह राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस (18107) 13 से 20 अक्टूबर तथा जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस (18108) 14 से 21 अक्टूबर तक रद्द रहेगी।
भूस्खलन के कारण हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस (18005) को 13 से 20 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन पर ही समाप्त किया जाएगा। वापसी में जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (18006) 15 से 22 अक्टूबर तक जगदलपुर के बजाय केआरपीयू स्टेशन से रवाना होगी।
इसी प्रकार भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस (18447) का परिचालन 13 से 20 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन तक सीमित रहेगा। वापसी में जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस (18448) 14 से 21 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन से ही अपनी यात्रा प्रारंभ करेगी।
इसके अतिरिक्त विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर और किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर (58501 एवं 58502) का परिचालन भी 13 से 20 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन तक सीमित रखने का निर्णय लिया गया है। इस व्यवस्था के कारण केआरपीयू और जगदलपुर के बीच संबंधित यात्री रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार भूस्खलन प्रभावित रेलखंड पर यातायात बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों को ट्रेनों के परिचालन में हुए बदलाव की जानकारी स्टेशन सूचना पट्ट, उद्घोषणा प्रणाली, मोबाइल संदेश और अन्य माध्यमों से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए यात्रा प्रारंभ करने से पहले संबंधित ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित