जालौन , अगस्त 3 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सावन के प्रथम सोमवार पर ग्राम सरावन स्थित प्राचीन भूरेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दर्शन एवं जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर परिसर में व्यवस्थित बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, कंट्रोल रूम से सतत मॉनिटरिंग, स्वच्छता, पेयजल और शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेटों की तैनाती, स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार, एम्बुलेंस तथा अग्निशमन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने और नियमित गश्त करने को भी कहा।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्राचीन भूरेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर में श्रद्धालुओं ने भी श्रद्धा और उत्साह के साथ जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित