नयी दिल्ली , अक्टूबर 19 -- केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत भूमि संसाधन विभाग स्वच्छता को संस्थागत रूप देने, अभिलेख प्रबंधन को सुदृढ़ करने और लंबित मामलों के शीघ्र निपटान पर विशेष बल देते हुए विशेष अभियान 6 का कार्यान्वयन कर रहा है, जिसकी जवाबदेही, समीक्षा और समयबद्ध लक्ष्यों को हासिल करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस अभियान की प्रगति की समीक्षा सचिव (एलआर) वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साप्ताहिक बैठकों में करते हैं। सचिव (एलआर) ने विभाग के कार्यालयों और अभिलेख कक्ष का दौरा भी किया है और सभी संभागीय प्रमुखों को स्वच्छता अभियानों की प्रभावी निगरानी, अभिलेखों की व्यवस्थित समीक्षा और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार फाइलों को छांटने को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। नोडल अधिकारी नियमित रूप से संभागों के साथ समीक्षा बैठकें कर रहे हैं और प्रगति का आकलन करने और प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय परिसरों का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान के उद्देश्यों के प्रति जागरूक किया गया है और वे इसके विभिन्न कार्यकलापों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

विभाग ने लंबित मामलों के निपटारे और अभिलेखों की समीक्षा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। चिह्नित 12 स्वच्छता गतिविधियों मेंसे पांच पूरी हो चुकी हैं। इसके अलावा, अभियान के लिए निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 90 प्रतिशत जन शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है। अभिलेख प्रबंधन के क्षेत्र में, 1,280 वास्तविक फाइलों में से 945 और 501 ई-फाइलों में से 242 की समीक्षा अभिलेखन, अनावश्यक फाइलों को छांटने या बंद करने के लिए की गई है। अभियान के अंतर्गत हुई प्रगति को प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग के एससीडीपीएम पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट किया जा रहा है।

कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने और उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने के प्रयासों के तहत, विभाग ने 29 सितंबर, 2026 को 'स्वच्छता एवं जल संचय' विषय पर एक विमर्श का आयोजन किया। मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व को समझते हुए 30 सितंबर, 2026 को नयी दिल्ली स्थित शिवाजी स्टेडियम एनेक्स कार्यालय के रेजुवे वेलनेस सेंटर में कर्मचारियों के लिए एक योग सत्र का आयोजन किया गया। उसी दिन, विभाग ने कार्यस्थल पर स्वच्छता बनाए रखने में उनके समर्पित योगदान और सेवाओं के लिए सफाई एवं हाउसकीपिंग कर्मचारियों को सम्मानित किया।

स्वच्छता ही सेवा पहल और इसके विषय, 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' की भावना को ध्यान में रखते हुए, विभाग ने एक अक्टूबर, 2026 को नयी दिल्ली के स्कोप कॉम्प्लेक्स के पास स्थित सार्वजनिक पार्क में श्रमदान गतिविधि का आयोजन किया। इसके अलावा, विभाग ने एक से 15 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया, जिसमें कार्यस्थल पर स्वच्छता, साफ-सफाई और स्थायी व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई।

पर्यावरण जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए, अधिकारियों और कर्मचारियों को 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत दो अक्टूबर, 2026 को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में वृक्षारोपण गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। अभियान के तहत नियोजित अन्य गतिविधियों में एक और योग सत्र, मानसिक स्वास्थ्य पर एक व्याख्यान और कर्मचारियों के लिए एक चित्रकला प्रतियोगिता शामिल हैं।

विभाग जागरूकता बढ़ाने और अपनी पहलों को उजागर करने के उद्देश्य से, एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम सहित अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से अभियान के तहत की गयी गतिविधियों और हासिल की गई प्रगति के बारे में जानकारी भी प्रसारित कर रहा है।

सतत निगरानी, व्यवस्थित अभिलेख प्रबंधन, लंबित मामलों का शीघ्र निपटान और अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से, भूमि संसाधन विभाग विशेष अभियान 6 के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए ठोस प्रयास कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित